Jamshedpur: परसुडीह थाना क्षेत्र के हलुदबनी इलाके में एक युवक ने अपने किराये के मकान में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया।
कमरे में फंदे से लटका मिला युवक
मृतक की पहचान बिरेंद्र धाकर (35) के रूप में हुई है, जो हलुदबनी में किराये के मकान में रहता था। जानकारी के अनुसार गुरुवार सुबह जब उसकी पत्नी घर पहुंची तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। कई बार आवाज देने के बावजूद जब कोई जवाब नहीं मिला तो उसने पड़ोसियों को बुलाया। दरवाजा तोड़कर अंदर देखा गया तो युवक फंदे से लटका हुआ मिला।
शराब को लेकर हुआ था विवाद
मृतक की पत्नी सुशीला पात्रो ने बताया कि घटना से पहले दोनों के बीच शराब पीने को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद वह अपने काम पर चली गई थी। सुशीला एक शादी समारोह में हेल्पर के तौर पर काम करती है और उसी सिलसिले में देर रात तक बाहर रही।
सुबह सामने आई घटना
पत्नी ने बताया कि पति से झगड़ा होने के कारण वह उस रात अपने घर न जाकर अपनी मां के यहां रुक गई थी। अगले दिन सुबह जब वह घर लौटी तो दरवाजा बंद मिला। बाद में पड़ोसियों की मदद से दरवाजा खोला गया, तब घटना का पता चला।
नशे की लत से परेशान था युवक
परिजनों के अनुसार बिरेंद्र धाकर ट्रैक्टर चालक था और उसे शराब पीने की आदत थी। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।