Jamshedpur News: जमशेदपुर में मौसम में लगातार हो रहे बदलाव के बीच शहर में वायरल फीवर के मामलों में तेजी से बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है. इसका असर सरकारी अस्पतालों में साफ दिखाई दे रहा है. सदर अस्पताल और एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल में मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है. बताया जा रहा है कि इमरजेंसी से लेकर वार्ड तक लगभग सभी बेड भर चुके हैं और कई मरीजों को भर्ती के लिए इंतजार करना पड़ रहा है.
इमरजेंसी में भी नहीं मिल रहा बेड
एमजीएम अस्पताल के मेडिसिन विभाग में प्रतिदिन करीब 300 मरीज इलाज के लिए पहुंच रहे हैं. इनमें लगभग 60 प्रतिशत मरीज वायरल फीवर से पीड़ित बताए जा रहे हैं. मरीजों की बढ़ती संख्या के कारण इमरजेंसी वार्ड पर भी दबाव बढ़ गया है. कई मरीजों को बेड नहीं मिलने पर बेंच पर लिटाकर इलाज किया जा रहा है और उन्हें ड्रिप चढ़ाई जा रही है. अस्पताल प्रबंधन बेड खाली होने का इंतजार कर रहे मरीजों को वेटिंग में रख रहा है.
बेड के लिए लगानी पड़ रही सिफारिश
अस्पताल में भर्ती के लिए मरीजों के परिजनों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. कई लोग बेड दिलाने के लिए नर्सों और वार्ड बॉय से लगातार अनुरोध कर रहे हैं, ताकि उनके मरीज को जल्द वार्ड में शिफ्ट किया जा सके.
कई दिनों तक नहीं उतर रहा बुखार
मरीजों के परिजनों का कहना है कि इस बार वायरल फीवर का असर पहले की तुलना में अधिक गंभीर दिखाई दे रहा है. कई मरीजों का बुखार कई दिनों तक नहीं उतर रहा. बुखार के साथ उल्टी, तेज सिरदर्द और शरीर में कमजोरी जैसी शिकायतें आम हैं. बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक लगभग सभी उम्र के लोगों में एक जैसे लक्षण देखने को मिल रहे हैं, जिससे स्वास्थ्य विभाग की चिंता भी बढ़ गई है.