Jamshedpur News: बाड़ेगोड़ा दक्षिण हलुदबनी ग्राम पंचायत क्षेत्र में सरकारी भूमि को लेकर विवाद गहराता जा रहा है, जिसके कारण क्षेत्र में प्रस्तावित उप-स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण कार्य पर अनिश्चितता के बादल मंडराने लगे हैं।
निजी मालिकाने का किया जा रहा है दावा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, संबंधित भूमि पर पंचायत मंडप, घुमकुड़िया भवन, विकास भवन सहित कई सरकारी योजनाएं संचालित हो रही हैं। हाल ही में 20 फरवरी को इसी स्थल पर उप-स्वास्थ्य केंद्र का शिलान्यास भी किया गया है।
हालांकि, कुछ स्थानीय लोगों द्वारा उक्त भूमि पर निजी स्वामित्व का दावा किया जा रहा है। आरोप है कि ये लोग निर्माण कार्य में लगे संविदाकार को डराने-धमकाने का प्रयास कर रहे हैं, जिससे कार्य बाधित हो रहा है और परियोजना अधर में लटकने की स्थिति में पहुंच गई है।
वहीं, ग्रामीणों का कहना है कि जिस भूमि पर दावा किया जा रहा है, उसका सीमांकन पूर्व में 3 मई 2025 को सरकारी अमीन द्वारा विधिवत कराया गया था। उस समय बड़ी संख्या में ग्राम सभा के महिला-पुरुष उपस्थित थे और किसी भी प्रकार की आपत्ति नहीं जताई गई थी।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर जल्द समाधान निकाला जाए, ताकि क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधा के लिए महत्वपूर्ण उप-स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण कार्य बिना किसी बाधा के पूरा हो।