Jamshedpur News: पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा थाना क्षेत्र के उईनाला गांव में एक दिल दहलाने वाली घटना ने खुशियों को मातम में बदल दिया। जिस घर में चार दिन बाद शहनाइयां गूंजने वाली थीं और बहन की विदाई की तैयारी चल रही थी, वहीं अब भाई की अर्थी उठने की तैयारी हो रही है। 23 वर्षीय अनिमेष साहू ने शुक्रवार रात पॉलिटेक्निक कॉलेज के पीछे स्थित काजू बागान में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
चार दिन से लापता युवक का शव मिलने से गांव में हड़कंप
शनिवार सुबह पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा किया और पोस्टमार्टम के लिए घाटशिला भेज दिया। जैसे ही यह खबर गांव में फैली, पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। बीते 17 अप्रैल से लापता अनिमेष की तलाश पुलिस तकनीकी सेल की मदद से कर रही थी, जो अंततः उसके शव मिलने के साथ खत्म हुई।
बहन की शादी और आर्थिक तंगी ने बढ़ाया मानसिक दबाव
मृतक के पिता महादेव साहू के अनुसार, 21 अप्रैल को होने वाली बहन की शादी को लेकर अनिमेष काफी चिंतित था। आर्थिक तंगी और पैसों के इंतजाम न कर पाने के कारण वह गहरे मानसिक तनाव में था। इस दर्दनाक घटना ने न केवल एक परिवार की खुशियां छीन लीं, बल्कि पूरे गांव को गम में डुबो दिया।