Jamshedpur News : जिले के बहरागोड़ा क्षेत्र से एक बार फिर सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां स्वर्णरेखा नदी किनारे संदिग्ध विस्फोटक जैसी वस्तु मिलने से इलाके में दहशत फैल गई है। यह मामला बरागाड़िया पंचायत के पानीपाड़ा गांव का है, जहां बुधवार रात द्वितीय विश्व युद्ध काल का एक और संदिग्ध बम मिलने की सूचना मिली।
पहले भी मिल चुके हैं बम, आर्मी ने किया था निष्क्रिय
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, कुछ दिन पहले भी इसी इलाके से एक जिंदा बम बरामद हुआ था, जिसके बाद इंडियन आर्मी की बम निरोधक टीम को बुलाया गया था। उस दौरान एक और बम मिला था, हालांकि उसमें बारूद नहीं था। सुरक्षा मानकों के तहत दोनों बमों को गहरे गड्ढे में रखकर नियंत्रित विस्फोट के जरिए निष्क्रिय किया गया था।
फिर मिला संदिग्ध बम, प्रशासन ने इलाके को किया सील
अब एक बार फिर उसी क्षेत्र से अमेरिका निर्मित संदिग्ध बम मिलने की खबर से चिंता बढ़ गई है। विशेषज्ञों ने पहले ही आशंका जताई थी कि स्वर्णरेखा नदी और आसपास के क्षेत्रों में कई पुराने बम दबे हो सकते हैं। सूचना मिलते ही प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। इलाके को घेरकर सुरक्षित कर दिया गया है और लोगों को नदी के आसपास जाने से सख्त मना किया गया है। ग्रामीणों ने पूरे क्षेत्र में व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाने की मांग की है, ताकि किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।