Jamshedpur News : शहर के एमजीएम थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक सुरक्षा कर्मी की मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा डेंटल कॉलेज के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुआ, जहां दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। दुर्घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
ड्यूटी से लौट रहे सुरक्षा गार्ड की गई जान
मृतक की पहचान भिलाईपहाड़ी निवासी 35 वर्षीय प्रमोद कुंडू के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि प्रमोद उलीडीह स्थित एक आई क्लीनिक में सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत थे। मंगलवार को ड्यूटी खत्म कर वे बाइक से घर लौट रहे थे, तभी सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी सीधी टक्कर हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही एमजीएम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल MGM अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्रमोद को मृत घोषित कर दिया।
दो युवक गंभीर रूप से घायल, अस्पताल में इलाज जारी
हादसे में घायल युवकों की पहचान मुखियाडांगा निवासी विशाल और मोनू के रूप में हुई है। दोनों एक ही बाइक पर सवार होकर शहर की ओर आ रहे थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
फिलहाल दोनों का इलाज अस्पताल में चल रहा है और उनकी स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है।
तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह
स्थानीय लोगों के अनुसार दोनों बाइकों की रफ्तार काफी तेज थी, जिसके कारण दुर्घटना बेहद भयावह हो गई। हादसे में दोनों बाइकें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।