Jamtara News : जिले के करमाटांड़ प्रखंड के कलाझरिया मदनकट्टा गांव की एक महिला अपने 7 वर्षीय बेटे के साथ पिछले एक सप्ताह से लापता है। बताया जा रहा है कि 21 अप्रैल की सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में महिला घर से गायब हो गई। पति ने करमाटांड़ थाना में आवेदन देकर पत्नी और बेटे की सकुशल बरामदगी की गुहार लगाई है। आवेदन में देवघर के जसीडीह निवासी अनिल तुरी पर महिला को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का आरोप लगाया गया है।
प्रेम संबंध की चर्चा, परिवार में पहले भी हो चुका था विवाद
परिजनों के मुताबिक आरोपी का गांव में पहले से आना-जाना था और इसी दौरान महिला से उसकी नजदीकियां बढ़ीं। दोनों के बीच फोन पर बातचीत को लेकर घर में कई बार विवाद भी हुआ था। घटना के एक दिन पहले गांव में शादी समारोह था और उसी दौरान महिला के अचानक लापता होने की बात सामने आई। महिला के तीन बच्चे हैं, जिनमें दो बेटियां और एक बेटा शामिल हैं। मां के गायब होने से परिवार सदमे में है और बच्चियों का रो-रोकर बुरा हाल है।
एक हफ्ते बाद भी सुराग नहीं, पुलिस तकनीकी जांच में जुटी
घटना के सात दिन बाद भी महिला और बच्चे का कोई सुराग नहीं मिला है। पुलिस लोकेशन ट्रैकिंग समेत अन्य तकनीकी माध्यमों से तलाश में जुटी है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। इधर परिजनों ने जल्द बरामदगी की मांग की है, जबकि प्रेमी संग भागने की आशंका को लेकर इलाके में चर्चा तेज है।