Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-02-18

Jharkhand News: अफवाहों से दहला झारखंड, बच्चा चोरी की झूठी खबरों पर भड़की भीड़

Jharkhand News: झारखंड के ग्रामीण और शहरी इलाकों में इन दिनों बच्चा चोरी करने वाले गिरोह की अफवाह तेजी से फैल रही है. खासकर व्हाट्सएप और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर चल रहे मैसेज के कारण लोगों में डर का माहौल बन गया है. हालात ऐसे हो गए हैं कि पुलिस और प्रशासन को बार-बार लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर विश्वास न करने की अपील करनी पड़ रही है.


पिछले चार दिनों में राज्य के कई जिलों—जमशेदपुर, बोकारो, गिरिडीह, जामताड़ा, चतरा, धनबाद, लातेहार और रामगढ़—से करीब दस ऐसे मामले सामने आए हैं, जहां भीड़ ने केवल शक के आधार पर अनजान लोगों या मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्तियों को घेरकर मारपीट की.


पुलिस जांच में गिरोह की पुष्टि नहीं
पुलिस अधिकारियों के अनुसार अब तक किसी भी संगठित बच्चा चोर गिरोह के सक्रिय होने की पुष्टि नहीं हुई है. जांच में सामने आया है कि यह पूरी तरह अफवाह है, जिसे कुछ शरारती तत्व जानबूझकर फैला रहे हैं. पुलिस के सामने फिलहाल दो बड़ी चुनौतियां हैं—एक, झूठी खबरों को रोकना और दूसरी, भीड़ द्वारा की जा रही हिंसा (लिंचिंग) को नियंत्रित करना.

अफवाहों के कारण लोगों में इतना भय है कि वे किसी भी अजनबी को देखकर संदेह करने लगते हैं और कई जगह सीधे हमला कर देते हैं.

कब-कहां हुई घटनाएं
18 फरवरी – धनबाद (बाघमारा थाना क्षेत्र): बच्चा चोर होने की अफवाह पर भीड़ ने दो महिलाओं को घेर लिया और उनके साथ मारपीट की. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों को सुरक्षित थाने ले गई.

17 फरवरी – चतरा (पिपरवार थाना क्षेत्र, चिरैयाटांड़/किचटो): ग्रामीणों ने बच्चा चोरी के शक में एक व्यक्ति की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई.

17 फरवरी – जमशेदपुर (धालभूमगढ़): बच्चा चोर समझकर ग्रामीणों ने एक युवक को पकड़ लिया और घेराबंदी कर दी.

17 फरवरी – जामताड़ा, रामगढ़ और गिरिडीह: इन जिलों में भी संदिग्ध मानकर लोगों को पकड़ने और मारपीट करने की घटनाएं सामने आईं.

16 फरवरी – लातेहार (बालूमाथ प्रखंड, शेरेगड़ा गांव): देर रात एक युवक को बच्चा चोर समझकर ग्रामीणों ने बुरी तरह पीट दिया.

16 फरवरी – बोकारो (गांधीनगर/बेरमो थाना क्षेत्र): बच्चा चोर गिरोह की अफवाह पर छह महिलाओं को पकड़ लिया गया। पूछताछ के दौरान जवाब संतोषजनक नहीं लगने पर भीड़ ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी.

15 फरवरी – जमशेदपुर (श्यामसुंदरपुर, चंदनपुर गांव): पश्चिम बंगाल के नॉर्थ 24 परगना से आए दो सपेरों को ग्रामीणों ने बच्चा चोर समझकर बंधक बना लिया.

13 फरवरी – बोकारो शहर: अफवाह के चलते स्थानीय लोगों ने उत्तर प्रदेश से आई एक गाड़ी को घेर लिया और उसमें बैठे लोगों की पिटाई कर दी. पुलिस की तत्परता से उनकी जान बचाई जा सकी.

प्रशासन की अपील
पुलिस और जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि राज्य में किसी भी संगठित बच्चा चोर गिरोह के सक्रिय होने की कोई पुष्टि नहीं हुई है. लोगों से अपील की गई है कि वे सोशल मीडिया पर फैल रही अपुष्ट खबरों को न फैलाएं और किसी भी संदिग्ध स्थिति में सीधे पुलिस को सूचना दें.

प्रशासन ने चेतावनी दी है कि अफवाह फैलाने और कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !