Khunti: खूंटी जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मुरहू थाना क्षेत्र स्थित एक पेट्रोल पंप के पास खड़े 18 चक्का ट्रेलर से पुलिस ने 18.400 किलोग्राम पीसा हुआ डोडा बरामद किया है। इस मामले में पुलिस ने ट्रेलर के मालिक सह चालक और खलासी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, खूंटी के पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली थी कि मुरहू थाना क्षेत्र में पंजाब नंबर का एक ट्रेलर (PB 46M 9811) अवैध डोडा लेकर खड़ा है। सूचना मिलने के बाद इसकी पुष्टि और आवश्यक कार्रवाई के लिए वरीय अधिकारियों के निर्देश पर एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। इसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर ट्रेलर की तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन से 18.400 किलोग्राम अवैध पीसा हुआ डोडा बरामद किया गया। पुलिस ने इसकी अनुमानित कीमत करीब 2.76 लाख रुपये बताई है।
ट्रेलर मालिक और खलासी गिरफ्तार
मामले में पुलिस ने ट्रेलर मालिक सह चालक बाटू सिंह (46 वर्ष) और खलासी शिबो मुंडा (45 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी बड़बिल, जिला क्योंझर (ओडिशा) के रहने वाले हैं। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान अवैध डोडा के साथ ट्रेलर और ओप्पो कंपनी का एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि डोडा कहां से लाया जा रहा था और इसे कहां पहुंचाया जाना था। इस मामले में एनडीपीएस थाना, खूंटी में कांड संख्या 13/26 दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 15(बी) और 29 के तहत कार्रवाई की है।
छापेमारी टीम में शामिल रहे ये अधिकारी
पूरी कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी खूंटी मनीष सिंह जामुदा, एनडीपीएस थाना प्रभारी रामदेव यादव, पुलिस अवर निरीक्षक ओम प्रकाश राय, सहायक अवर निरीक्षक मनोज कच्छप समेत एनडीपीएस थाना के सशस्त्र बल की अहम भूमिका रही।