Morning Vs Evening Workout: फिटनेस को लेकर सबसे बड़ा सवाल यही रहता है कि एक्सरसाइज के लिए सही समय कौन सा है, सुबह या शाम. अलग-अलग रिसर्च में दोनों समय के अपने फायदे बताए गए हैं. ऐसे में जरूरी है कि आप अपने शरीर और रूटीन के अनुसार सही समय का चुनाव करें.
सुबह वर्कआउट, दिनभर एनर्जी और बेहतर मेटाबॉलिज्म
विशेषज्ञों के अनुसार, सुबह के समय एक्सरसाइज करने से शरीर का मेटाबॉलिज्म जल्दी सक्रिय हो जाता है, जिससे दिनभर कैलोरी बर्न होने की प्रक्रिया बेहतर रहती है. खासकर खाली पेट वर्कआउट करने पर शरीर फैट को एनर्जी के रूप में इस्तेमाल करता है, जो वजन कम करने में मददगार माना जाता है. इसके अलावा, सुबह की एक्सरसाइज दिमाग को तरोताजा रखती है, फोकस बढ़ाती है और पूरे दिन के लिए सकारात्मक शुरुआत देती है.
शाम का वर्कआउट, बेहतर परफॉर्मेंस और स्ट्रेंथ के लिए फायदेमंद
कई अध्ययनों में यह पाया गया है कि शाम के समय शरीर का तापमान और मांसपेशियों की लचीलापन अपने उच्च स्तर पर होता है. इस वजह से इस समय स्ट्रेंथ ट्रेनिंग, रनिंग या हाई-इंटेंसिटी वर्कआउट ज्यादा प्रभावी तरीके से किया जा सकता है. शाम को एक्सरसाइज करने पर ताकत बेहतर लगती है और चोट लगने की संभावना भी कम रहती है. इसलिए मसल्स बिल्डिंग और परफॉर्मेंस सुधारने के लिए यह समय उपयुक्त माना जाता है.
आपके लिए सही समय क्या है?
फिटनेस एक्सपर्ट्स का मानना है कि एक्सरसाइज का सही समय आपकी बॉडी क्लॉक पर निर्भर करता है. अगर आप सुबह जल्दी उठते हैं और उस समय सक्रिय महसूस करते हैं, तो मॉर्निंग वर्कआउट बेहतर विकल्प है. वहीं, जो लोग देर रात तक जागते हैं, उनके लिए दिन के बाद का समय ज्यादा उपयुक्त हो सकता है. एक स्टडी में यह भी सामने आया है कि दिल से जुड़ी समस्याओं वाले लोगों के लिए दिन के समय, खासकर थोड़ा देर से एक्सरसाइज करना ज्यादा लाभकारी हो सकता है.
सुबह और शाम, दोनों ही समय एक्सरसाइज के लिए अच्छे हैं, फर्क सिर्फ आपके लक्ष्य और लाइफस्टाइल का है. सबसे जरूरी बात यह है कि आप नियमित रहें और ऐसा समय चुनें जिसे आप लंबे समय तक फॉलो कर सकें. यही बेहतर फिटनेस की असली कुंजी है.