Nalanda News : जिले से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहां चोरी के शक में दो युवकों की बेरहमी से पिटाई कर दी गई। गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतकों की पहचान पिंटू पासवान और श्रवण कुमार के रूप में हुई है। दोनों गंजपर के निवासी बताए जा रहे हैं। परिजनों का आरोप है कि गांव के कुछ लोग दोनों युवकों को राजगीर मलमास मेला दिखाने के बहाने अपने साथ ले गए और बाद में उन्हें चोर बताकर राजगीर थाना क्षेत्र के झुनकिया बाबा मंदिर के समीप बुरी तरह पीटा।
परिजनों ने लगाया सुनियोजित हत्या का आरोप, न्याय की मांग
मारपीट में गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों को पहले स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत बिगड़ने पर उन्हें पीएमसीएच पटना रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई।
परिजनों का कहना है कि दोनों युवक मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे और उनका किसी भी आपराधिक गतिविधि से कोई संबंध नहीं था। उन्होंने घटना को सुनियोजित हत्या बताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और न्याय की मांग की है।
परिवार का इकलौता सहारा था श्रवण, मौत से टूटा पूरा घर
मृतक श्रवण कुमार की बहन ने बताया कि कई वर्ष पहले उनके पिता का निधन हो गया था। इसके बाद श्रवण ही पूरे परिवार का सहारा था। उसकी मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया है और घर पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
वहीं, राजगीर डीएसपी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दोनों युवकों की मौत की पुष्टि की है। पुलिस के अनुसार, दोनों को चोरी के संदेह में स्थानीय लोगों ने पकड़ा था। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है और दोषियों की पहचान कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।