Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-07-15

Noida Fire News: नोएडा सेक्टर-66 की मामूरा गांव की पांच मंजिला इमारत में लगी भीषण आग, 2 की मौत

Noida Fire News: नोएडा के फेज-3 थाना क्षेत्र स्थित मामूरा गांव में बुधवार को एक पांच मंजिला रिहायशी इमारत में भीषण आग लगने से दो लोगों की मौत हो गई. हादसे के दौरान इमारत में अफरा-तफरी मच गई, जबकि दमकल विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने समय रहते 100 से अधिक लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. कई घायल लोगों का अस्पताल में इलाज जारी है.
शुरुआती जांच में इलेक्ट्रिक बाइक बनी वजह
प्रारंभिक जांच के अनुसार, आग की शुरुआत इमारत के निचले हिस्से में खड़ी एक इलेक्ट्रिक बाइक की बैटरी में शॉर्ट सर्किट और स्पार्किंग से हुई. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरी इमारत में धुआं फैल गया. घना धुआं ऊपरी मंजिलों तक पहुंचने से कई परिवार अंदर फंस गए और बाहर निकलना मुश्किल हो गया. पुलिस और अग्निशमन विभाग आग लगने के सटीक कारणों की जांच कर रहे हैं.

राहत अभियान में 100 से ज्यादा लोगों की बची जान
बताया जा रहा है कि इमारत में करीब 50 परिवार रहते हैं. सूचना मिलते ही दमकल विभाग ने कई गाड़ियों के साथ मौके पर पहुंचकर बचाव अभियान शुरू किया. टीम ने सीढ़ियों और अन्य उपकरणों की मदद से खिड़कियों और छत के रास्ते लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला. अधिकारियों के मुताबिक हादसे में दो लोगों की झुलसने से मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं. सभी घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया है.

मुख्यमंत्री ने दिए राहत और जांच के निर्देश
घटना की जानकारी मिलने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर दुख जताया और अधिकारियों को तत्काल राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि घायलों को बेहतर और नि:शुल्क इलाज उपलब्ध कराया जाए. साथ ही प्रशासन को पूरे मामले की जांच कर आग लगने के कारणों का पता लगाने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने को कहा गया है. फिलहाल मौके पर राहत कार्य पूरा कर लिया गया है और जांच जारी है.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !