Pakur News : बकरीद पर्व के मद्देनजर जिले में विधि व्यवस्था बनाए रखने और आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम करने को लेकर मंगलवार को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी मेघा भारद्वाज एवं पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह के नेतृत्व में फ्लैग मार्च निकाला गया।
फ्लैग मार्च सिदो कान्हू मुर्मु पार्क से शुरू होकर अंबेडकर चौक तक निकाला गया। इस दौरान प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में शहर के विभिन्न मार्गों से होकर मार्च किया गया। फ्लैग मार्च का उद्देश्य लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाना और पर्व के दौरान शांति एवं सौहार्द बनाए रखने का संदेश देना था।
अफवाह फैलाने वालों पर रहेगी कड़ी नजर
उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने कहा कि जिला प्रशासन बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने लोगों से आपसी भाईचारा बनाए रखते हुए प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से अफवाह फैलाने वालों पर प्रशासन की कड़ी नजर है। किसी भी प्रकार की भ्रामक या आपत्तिजनक सूचना फैलाकर सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही लोगों से अपुष्ट सूचनाओं पर ध्यान नहीं देने की अपील की गई।
पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने कहा कि पर्व के दौरान जिले में सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है और पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। फ्लैग मार्च में प्रशासनिक एवं पुलिस विभाग के कई वरीय अधिकारी और पुलिस जवान मौजूद रहे।