Palamu Crime News: पलामू जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र में कोयल नदी किनारे झाड़ियों से बरामद हुए शव के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. 28 फरवरी को चेड़ाबार गांव के पास नदी से बरामद शव की पहचान नावाबाजार निवासी युगेश सिंह के रूप में हुई थी. पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि महज पैसे के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में युगेश की हत्या की गई थी.
एसपी की विशेष टीम ने सुलझाई गुत्थी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने सदर एसडीपीओ के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की थी. टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और सूचनाओं के आधार पर छापेमारी कर चेड़ाबार गांव के ही दो युवकों, शिवपूजन सिंह उर्फ शिव कुमार सिंह (28 वर्ष) और जय प्रकाश सिंह उर्फ हुड़िया (23 वर्ष) को धर दबोचा.
पैसे के लिए मारपीट और गला दबाकर हत्या
पकड़े गए आरोपियों ने पुलिस के सामने अपना जुर्म कबूल कर लिया है. उन्होंने बताया कि 27 फरवरी की रात युगेश सिंह के साथ पैसे की मांग को लेकर उनकी बहस हुई थी. विवाद इतना बढ़ा कि दोनों ने लोहे के फाइटर (पंच) से युगेश पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया और फिर गला दबाकर उसे मौत के घाट उतार दिया.
साक्ष्य मिटाने की थी पूरी तैयारी
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने पहचान छिपाने और सबूत मिटाने की पूरी कोशिश की थी. उन्होंने शव को नदी किनारे झाड़ियों में फेंक दिया, जबकि मृतक के जूते, जींस और बैग को नदी के अलग-अलग हिस्सों में फेंक दिया था. पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल लोहे का फाइटर, मृतक का बैग और जूते बरामद कर लिए हैं. फिलहाल दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया चल रही है.