Palamu: लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के साहद गांव में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक देशी लोडेड कट्टा, चोरी की पैशन प्रो मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
नवनिर्मित मकान में चल रही गतिविधि की मिली थी सूचना
पुलिस के अनुसार, लेस्लीगंज थाना को जानकारी मिली थी कि साहद गांव स्थित एक नवनिर्मित मकान में कुछ युवक नशा कर रहे हैं और संदिग्ध गतिविधियों में शामिल हैं। सूचना के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की। पुलिस को देखते ही वहां मौजूद दो युवक भाग निकले, जबकि दो युवकों को टीम ने पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान साहद गांव निवासी राहुल कुमार भुईयां और प्रिंस कुमार के रूप में हुई है।
पूछताछ में चोरी की बाइक का हुआ खुलासा
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनके पास मिली बिना नंबर प्लेट वाली पैशन प्रो मोटरसाइकिल चोरी की है। उनके अनुसार, बाइक कुलदीप भुईयां और जितेंद्र भुईयां, दोनों अखौरी पतरा निवासी, ने डाल्टनगंज इलाके से चोरी की थी और उसे बेचने के उद्देश्य से छिपाकर रखा गया था।
मोबाइल जांच में मिली हथियारों की तस्वीरें
जांच के दौरान पुलिस ने जब दोनों युवकों के मोबाइल फोन खंगाले तो उसमें हथियारों के साथ उनकी तस्वीरें मिलीं। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर उनके घरों में तलाशी अभियान चलाया, जहां से एक देशी लोडेड कट्टा बरामद किया गया।
दोनों आरोपी भेजे गए जेल, फरार आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस ने बरामद सामान को जब्त कर दोनों गिरफ्तार युवकों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं, मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। इस कार्रवाई में लेस्लीगंज अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, थाना प्रभारी उत्तम कुमार राय, सहायक उप निरीक्षक हरेन्द्र पासवान, रिजर्व गार्ड और चालक की अहम भूमिका रही।