Palamu News: झारखंड के पलामू जिले में मानसून के बीच आकाशीय बिजली ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। पांकी प्रखंड की माड़न पंचायत के पुरुषोत्तमपुर गांव के रहने वाले पिता और पुत्र की वज्रपात की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, उसी गांव में बिजली गिरने की दूसरी घटना में एक महिला गंभीर रूप से झुलस गई, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना के बाद पूरे गांव में मातम और दहशत का माहौल है।
घर लौटते समय वज्रपात की चपेट में आए पिता-पुत्र, दोनों की मौके पर मौत
मृतकों की पहचान बालमुकुंद यादव और उनके बेटे दिलीप यादव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों मंगलवार रात किसी काम से तेतराई गए थे और बाइक से घर लौट रहे थे। रास्ते में अचानक मौसम बिगड़ा, तेज गर्जना हुई और देखते ही देखते आकाशीय बिजली उन पर आ गिरी। हादसा इतना भीषण था कि दोनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पांकी थाना की टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से दोनों शवों को कब्जे में लेकर अस्पताल पहुंचाया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह ने बताया कि मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
प्रशासन ने जारी की सतर्कता की अपील
इसी दौरान गांव की अनीता देवी भी वज्रपात की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें तत्काल पांकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार जारी है। लगातार हो रही बारिश और आकाशीय बिजली की घटनाओं से ग्रामीणों में भय का माहौल है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे जाने से बचने की अपील की है।