Palamu: झारखंड के पलामू जिले के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक सड़क दुर्घटना में दो युवक घायल हो गए। यह हादसा जपला-दंगवार मुख्य मार्ग पर स्थित चिरैयाखाड़ के समीप हुआ। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
तेज रफ्तार पिकअप ने मारी टक्कर
मिली जानकारी के अनुसार बराही गांव के रहने वाले बुचून राम और रवि कुमार रवि मोटरसाइकिल से अपने घर की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर बुरी तरह घायल हो गए।
चालक वाहन लेकर मौके से फरार
दुर्घटना के बाद पिकअप चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। वहीं आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घायल युवकों की मदद की और उन्हें इलाज के लिए हुसैनाबाद अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया।
गंभीर हालत में एक युवक को किया गया रेफर
अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बुचून राम की स्थिति गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उसे मेदिनीनगर स्थित एमएमसीएच अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं दूसरे घायल रवि कुमार रवि का उपचार हुसैनाबाद अस्पताल में ही जारी है।
पुलिस मामले की जानकारी जुटाने और फरार वाहन चालक की तलाश में जुटी हुई है।