Palamu News: जिले के झीकरहट्टी पूर्वी पंचायत के इस्लामपुर गांव की रहने वाली शायनारा बीबी आज ग्रामीण महिलाओं के लिए आत्मनिर्भरता की एक मिसाल बनकर सामने आई हैं. उन्होंने मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना के तहत संचालित बकरा विकास योजना का लाभ उठाकर अपने जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है. इस योजना के अंतर्गत उन्हें अनुदानित दर पर 4 बकरियां और 1 बकरा दिया गया, जिसके बाद उन्होंने बकरी पालन का काम शुरू किया.
मेहनत और देखभाल से बढ़ा पशुधन
शायनारा बीबी ने लगन और मेहनत के साथ बकरियों की देखभाल की. बेहतर देखरेख के कारण उनका पशुधन धीरे-धीरे बढ़ता गया और अब उनके पास लगभग 10 बकरियां हो चुकी हैं. समय-समय पर बकरियों की बिक्री से उन्हें अच्छी आमदनी होने लगी है, जिससे उनके परिवार की आर्थिक स्थिति में भी सुधार आया है.
गांव की महिलाओं के लिए बनीं प्रेरणा
आज शायनारा बीबी अपने गांव की अन्य महिलाओं के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बन गई हैं. उनकी सफलता देखकर कई महिलाएं भी पशुपालन के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने के लिए आगे आ रही हैं. शायनारा बीबी ने इस योजना का लाभ मिलने पर जिला प्रशासन का आभार जताते हुए कहा कि इस पहल ने उनके जीवन में बड़ा बदलाव लाया है और उन्हें अपने पैरों पर खड़ा होने का अवसर दिया है.