Railway News: दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर और चक्रधरपुर मंडल में चल रहे इंफ्रास्ट्रक्चर अपग्रेडेशन और ट्रैक मेंटेनेंस कार्यों का असर जून महीने में रेल सेवाओं पर पड़ेगा. रेलवे ने 10 जून से 15 जून के बीच 20 ट्रेनों को रद्द करने का फैसला लिया है, जिससे रांची और हटिया रूट के यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है.
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक पटरियों के रखरखाव, तकनीकी सुधार और अन्य विकास कार्यों के लिए ट्रैफिक ब्लॉक लिया जा रहा है. इसी वजह से कई लंबी दूरी और लोकल ट्रेनों का परिचालन अस्थायी रूप से बंद रहेगा.
रद्द होने वाली ट्रेनों में पुणे-हटिया एक्सप्रेस, गया-लोकमान्य तिलक टर्मिनल एक्सप्रेस, वास्को द गामा-जसीडीह एक्सप्रेस, हैदराबाद-रक्सौल एक्सप्रेस, दरभंगा-चर्लपल्ली एक्सप्रेस, मालदा टाउन-सूरत एक्सप्रेस और हटिया-लोकमान्य तिलक टर्मिनल एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनें शामिल हैं. इसके अलावा कुछ मेमू और लोकल ट्रेनों का संचालन भी अलग-अलग तारीखों में प्रभावित रहेगा.
हटिया-राउरकेला मेमू सहित कई दैनिक यात्री ट्रेनों के रद्द रहने से नियमित सफर करने वालों की परेशानी बढ़ सकती है. रेलवे प्रशासन ने भीड़ को देखते हुए कुछ विशेष ट्रेनों के संचालन और अतिरिक्त कोच लगाने का प्रस्ताव भी तैयार किया है.
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट, हेल्पलाइन या पूछताछ केंद्र से जरूर जांच लें, ताकि असुविधा से बचा जा सके.