Ramgarh: झारखंड के रामगढ़ जिले स्थित चुटूपालू घाटी में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रक चालक की जिंदा जलकर मौत हो गई। हादसा उस वक्त हुआ जब रांची से रामगढ़ की ओर जा रहा एक तेज रफ्तार ट्रक अपने आगे चल रहे डंपर से पीछे से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और इंजन में तुरंत आग लग गई।
चालक कैबिन से भी निकल पाया
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के बाद कुछ ही मिनटों में आग ने पूरे इंजन को अपनी चपेट में ले लिया और देखते ही देखते लपटें केबिन तक पहुंच गईं। चालक केबिन के अंदर ही फंस गया था और बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका। आसपास मौजूद वाहन चालकों और राहगीरों ने तुरंत अपने वाहनों को रोका और मदद की कोशिश की, लेकिन आग की तीव्रता के कारण वे केबिन तक नहीं पहुंच पाए।
अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची
घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। जब तक आग बुझाई गई और केबिन को तोड़कर अंदर फंसे चालक को बाहर निकाला गया, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। केबिन से चालक का बुरी तरह जला हुआ शव बरामद किया गया।
तेज रफ्तार हादसे का मुख्य वजह
सूचना मिलने पर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रामगढ़ सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।
लगभग चार घंटे तक रहा यातायात प्रभावित
इस भीषण हादसे के बाद चुटूपालू घाटी में लगभग चार घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। बाद में पुलिस और प्रशासन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सामान्य कराया गया।
स्थानीय लोगों का की अपील प्रशासन से
स्थानीय लोगों का कहना है कि घाटी क्षेत्र में आए दिन तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण दुर्घटनाएं होती रहती हैं। उन्होंने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने और वाहनों की गति पर नियंत्रण सुनिश्चित करने की मांग की है।