Ranchi News: राजधानी रांची में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने और लंबे समय से लंबित मामलों को तेजी से निपटाने के लिए सोमवार देर शाम राकेश रंजन ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए समीक्षा बैठक की. बैठक में जिले के सभी पुलिस अधिकारी और थाना प्रभारी शामिल हुए.
5 साल पुराने मामलों पर खास नजर
बैठक में उन मामलों पर विशेष फोकस किया गया जो पिछले 5 साल या उससे ज्यादा समय से लंबित हैं और अभी कोर्ट में चल रहे हैं. एसएसपी ने इन मामलों की विस्तार से समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि सभी अभियुक्तों को समय पर कोर्ट में पेश किया जाए, ताकि सुनवाई में तेजी आ सके.
गवाहों की उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश
एसएसपी ने कहा कि कई मामलों में गवाहों की अनुपस्थिति के कारण केस लटक जाते हैं. इसलिए जिन गवाहों के लिए कोर्ट से समन जारी हो चुका है, उनकी जल्द तामिला कराई जाए.
थाना प्रभारियों को जिम्मेदारी दी गई कि वे खुद इस प्रक्रिया की निगरानी करें और सुनिश्चित करें कि गवाह तय तारीख पर कोर्ट पहुंचें.
पोर्टल के इस्तेमाल पर जोर
बैठक में तकनीकी समन्वय को बेहतर बनाने के लिए संबंधित पोर्टलों के प्रभावी उपयोग पर भी चर्चा हुई. अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि साइबर अपराध और डिजिटल सुरक्षा से जुड़े दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करें.
वारंट और कुर्की में तेजी लाने का आदेश
लंबित वारंट, कुर्की और इश्तेहार के मामलों में देरी पर एसएसपी ने नाराजगी जताई. उन्होंने साफ निर्देश दिया कि इन मामलों को जल्द पूरा किया जाए. खासकर डिस्ट्रेस वारंट के निष्पादन के लिए अलग से कार्ययोजना बनाने को कहा गया.