Ranchi News: रांची के लालपुर थाना क्षेत्र स्थित एक डांस स्टूडियो में विवाद, हंगामा और मारपीट का मामला सामने आया है. स्टूडियो संचालक विहान कुमार ने घटना को लेकर लालपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
शिकायत के अनुसार, कुछ युवक और युवतियां डांस स्टूडियो पहुंचे थे. वहां मौजूद प्रशिक्षिका के साथ किसी बात को लेकर उनका विवाद हो गया. मामले की जानकारी मिलने के बाद स्टूडियो संचालक विहान कुमार मौके पर पहुंचे और विवाद को शांत कराने की कोशिश की.
आरोप है कि बातचीत के दौरान मामला और बिगड़ गया. कुछ लोगों ने संचालक के साथ मारपीट की और उन्हें जान से मारने की धमकी दी. शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि बाद में संचालक के माता-पिता के साथ भी अभद्र व्यवहार किया गया और हाथापाई का प्रयास किया गया.
घटना की सूचना मिलने के बाद लालपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और सभी पक्षों को थाने ले गई. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है. इसके लिए डांस स्टूडियो में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं. जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.