Ranchi News: हजारीबाग में खास महल की जमीन की अवैध बंदोबस्ती के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है. भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने इस मामले में सरकार से आईएएस अधिकारी विनय चौबे के खिलाफ मुकदमा चलाने की इजाजत मांगी है. जिस समय यह अनियमितता हुई, उस समय विनय चौबे हजारीबाग के उपायुक्त (डीसी) के पद पर तैनात थे. फिलहाल वे इसी मामले में जेल में बंद हैं. उनकी गिरफ्तारी के बाद राज्य सरकार ने उन्हें निलंबित कर दिया था.
विनय चौबे के खिलाफ कुल चार मामले दर्ज
एसीबी की जांच में सामने आया है कि विनय चौबे के खिलाफ कुल चार मामले दर्ज हैं. इनमें आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का मामला भी शामिल है. इसके अलावा शराब घोटाले और सेवायत भूमि की खरीद-बिक्री से जुड़े आरोप भी उनके खिलाफ दर्ज किए गए हैं.
खास महल की जमीन का दुरुपयोग
जांच एजेंसी का आरोप है कि सरकारी खास महल की जमीन का दुरुपयोग किया गया. जमीन की प्रकृति में बदलाव कर उसे निजी व्यक्तियों को लाभ पहुंचाने के लिए इस्तेमाल किया गया. यह भी आरोप है कि हजारीबाग में उपायुक्त रहते हुए उन्होंने कथित रूप से वन भूमि से जुड़े मामले में भी गड़बड़ी की.
एसीबी अब सरकार से अभियोजन की स्वीकृति मिलने का इंतजार कर रही है. अनुमति मिलते ही विनय चौबे के खिलाफ कानूनी कार्रवाई आगे बढ़ाई जाएगी.