Ranchi News: झारखंड में नक्सल विरोधी अभियान के तहत रांची पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. प्रतिबंधित पीएलएफआई संगठन के शीर्ष उग्रवादी अमृत होरो को पुलिस ने लापुंग थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है. अमृत होरो पर 10 लाख रुपये का इनाम घोषित था और वह लंबे समय से सुरक्षा एजेंसियों की पकड़ से बाहर चल रहा था.
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि अमृत होरो लापुंग इलाके में छिपा हुआ है. सूचना के आधार पर विशेष टीम का गठन कर देर रात छापेमारी अभियान चलाया गया, जिसमें उसे दबोच लिया गया. गिरफ्तारी के बाद पुलिस उसे सुरक्षित स्थान पर रखकर पूछताछ कर रही है.
जानकारी के मुताबिक अमृत होरो के खिलाफ रांची और खूंटी जिलों में कई गंभीर मामले दर्ज हैं. उस पर रेलवे और निर्माण परियोजनाओं में रंगदारी वसूलने, आगजनी और कई नक्सली घटनाओं में शामिल होने के आरोप हैं. पुलिस का कहना है कि वह संगठन की गतिविधियों को संचालित कर रहा था और फिलहाल पीएलएफआई के प्रमुख कमांडरों में गिना जाता था.
सूत्रों के अनुसार करीब डेढ़ वर्ष पहले भी पुलिस और अमृत होरो के बीच मुठभेड़ हुई थी, लेकिन वह जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गया था. तभी से पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां उसकी तलाश में लगातार अभियान चला रही थीं.
फिलहाल पुलिस उससे संगठन के नेटवर्क, हथियारों की आपूर्ति और अन्य उग्रवादियों के ठिकानों के संबंध में पूछताछ कर रही है. सुरक्षा एजेंसियां इस गिरफ्तारी को बड़ी उपलब्धि मान रही हैं.