Ranchi: रांची पुलिस ने प्रतिबंधित संगठन तृतीय सम्मेलन प्रस्तुति समिति (TSPC) से जुड़े एक सब-जोनल कमांडर को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पकड़ा गया उग्रवादी आदिल जफर उर्फ आदिल अंसारी बताया जा रहा है, जो रांची जिले के खलारी क्षेत्र का निवासी है। वह लंबे समय से कई मामलों में फरार चल रहा था।
गुप्त सूचना पर बनी विशेष टीम
पुलिस को सूचना मिली थी कि आदिल लोहरदगा जिले में छिपा हुआ है। इनपुट मिलते ही एक विशेष टीम का गठन किया गया और लोहरदगा में घेराबंदी की गई। पुलिस को देखते ही वह भागने लगा। इसी दौरान वह घायल हो गया, जिसके बाद उसे पकड़ लिया गया।
पहले सदर अस्पताल, फिर रिम्स रेफर
घायल अवस्था में आदिल को लोहरदगा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उसे रांची स्थित राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (RIMS) रेफर कर दिया गया। फिलहाल उसका इलाज चल रहा है और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
मोबाइल, सिम और संगठन के पर्चे बरामद
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने उसके पास से कई मोबाइल फोन, सिम कार्ड, दो राउटर और संगठन से जुड़े पर्चे बरामद किए हैं। शुरुआती जांच में पता चला है कि वह इन उपकरणों का इस्तेमाल लोगों को धमकाने और रंगदारी वसूलने के लिए करता था।
पहले संजय उरांव के साथ कर चुका है काम
पूछताछ में आदिल ने खुलासा किया कि वह पहले उग्रवादी कमांडर संजय उरांव के साथ सक्रिय था। उस दौरान वह रांची के खलारी, मैकलुस्कीगंज और बुढ़मू क्षेत्रों में संगठन की गतिविधियों को अंजाम देता था। रंगदारी नहीं देने वालों को वह ‘फौजी कार्रवाई’ की धमकी देता था।
संगठन में मिली थी अहम जिम्मेदारी
बताया जा रहा है कि संजय उरांव के संगठन से अलग होने के बाद आदिल को बुढ़मू और खलारी इलाके का सब-जोनल कमांडर बनाया गया था। पुलिस का कहना है कि वह पहले भी कई आपराधिक घटनाओं में शामिल रहा है और उसके खिलाफ विभिन्न थानों में मामले दर्ज हैं।
पुलिस अब उससे जुड़े अन्य नेटवर्क और सहयोगियों की जानकारी जुटाने में लगी है।