Ranchi News : झारखंड सरकार ने राज्य में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 में 109 करोड़ 50 लाख रुपये की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति दी है। यह राशि पर्यटन स्थलों के विकास, नई सुविधाओं के निर्माण, प्रचार-प्रसार, डिजिटलीकरण, प्रशिक्षण और पर्यटन प्रबंधन से जुड़े कार्यों पर खर्च की जाएगी।
सरकार ने सबसे अधिक 53.50 करोड़ रुपये पर्यटन स्थलों के समेकित विकास और नई पर्यटन अवसंरचना के निर्माण के लिए मंजूर किए हैं। इस राशि से नई परियोजनाओं के साथ-साथ पहले से चल रही योजनाओं को भी पूरा किया जाएगा।
पर्यटन स्थलों पर बढ़ेंगी सुविधाएं, डिजिटलीकरण और कौशल विकास को भी मिलेगा बढ़ावा
राज्य के विभिन्न जिलों में पर्यटन स्थलों पर बुनियादी सुविधाओं के विकास के लिए 19 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इससे पर्यटक शेड, फूड कियोस्क, बेंच, शौचालय, पेयजल, सोलर लाइट और अन्य आवश्यक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। सरकार ने सभी नए निर्माण कार्यों में दिव्यांगजनों के लिए सुगम पहुंच सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं।
झारखंड पर्यटन विकास निगम लिमिटेड (JTDC) को पर्यटन सुविधाओं के विस्तार, नए निर्माण और पुराने पर्यटन स्थलों के उन्नयन के लिए 20 करोड़ रुपये दिए गए हैं। वहीं पर्यटन के प्रचार-प्रसार, कंसल्टेंसी, आउटसोर्सिंग, मैनपावर और सुरक्षा व्यवस्था के लिए 10 करोड़ रुपये, पर्यटन स्थलों की साफ-सफाई एवं रखरखाव के लिए 4 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
इसके अलावा जिला पर्यटन संवर्धन परिषद (DTPC) को 1 करोड़ रुपये का अनुदान मिलेगा। पर्यटन क्षेत्र से जुड़े लोगों के प्रशिक्षण और कौशल विकास के लिए 1 करोड़ रुपये, जबकि विभाग के डिजिटलीकरण और कार्यालयों के आधुनिकीकरण के लिए भी 1 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।
सरकार ने सभी योजनाओं के लिए सख्त वित्तीय नियम निर्धारित किए हैं। प्रत्येक योजना की नियमित निगरानी की जाएगी और समय-समय पर प्रगति रिपोर्ट ली जाएगी। सरकार का कहना है कि इन योजनाओं से राज्य में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी।