Ranchi News : झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से मंगलवार को रामगढ़ के सामाजिक कार्यकर्ता उपेन्द्र पाण्डेय और उनके सहयोगियों ने लोक भवन में मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने पॉलिथीन मुक्त अभियान के तहत चलाए जा रहे जनजागरूकता कार्यक्रमों और पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों की जानकारी दी।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि अभियान के माध्यम से लोगों को पॉलिथीन का उपयोग छोड़कर कपड़े और अन्य पर्यावरण अनुकूल झोलों के इस्तेमाल के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इसके लिए "सेल्फी विद झोला" अभियान भी चलाया जा रहा है, जिसे लोगों का अच्छा समर्थन मिल रहा है।
स्कूलों में जागरूकता और पौधारोपण पर जोर
प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल को बताया कि विभिन्न स्कूलों में विद्यार्थियों और शिक्षकों को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। साथ ही लोगों को पौधारोपण के लिए प्रेरित कर हरित वातावरण बनाने का संदेश दिया जा रहा है।
अभियान से जुड़े लोगों के अनुसार, पिछले तीन वर्षों में करीब 45 हजार पर्यावरण अनुकूल झोलों का निर्माण और वितरण किया गया है। इससे पॉलिथीन के उपयोग को कम करने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक बनाने में मदद मिली है।
पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने की पहल
राज्यपाल को अभियान की गतिविधियों और इसके सामाजिक प्रभावों की भी जानकारी दी गई। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने के लिए आगे भी जागरूकता कार्यक्रम जारी रखे जाएंगे। उनका मानना है कि जनभागीदारी से ही पॉलिथीन मुक्त और स्वच्छ पर्यावरण का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।