Ranchi News : भाजपा सांसद निशिकांत दुबे और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के बीच सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर शुरू हुआ विवाद अब कानूनी मोड़ ले चुका है। समाजवादी पार्टी की ओर से भेजे गए मानहानि नोटिस के बाद निशिकांत दुबे ने अपने वकील के माध्यम से जवाब भेज दिया है। साथ ही उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर भी अपनी प्रतिक्रिया साझा की है।
निशिकांत दुबे ने X पर लिखा कि उन्होंने अखिलेश यादव की ओर से भेजे गए कानूनी नोटिस का जवाब दे दिया है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि मानहानि अखिलेश यादव की हुई है, तो नोटिस किसी अन्य व्यक्ति की ओर से क्यों भेजा गया। उन्होंने यह भी पूछा कि संबंधित व्यक्ति का नाम किस सरकारी दस्तावेज में दर्ज है।
मानसिक प्रताड़ना का लगाया आरोप, बोले- हर्जाना भी वसूलूंगा
निशिकांत दुबे ने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी के लोग उन्हें बेवजह मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह इस मामले में कानूनी खर्च के साथ-साथ मानसिक प्रताड़ना का हर्जाना भी वसूलेंगे। उन्होंने अपने वकील की ओर से भेजे गए जवाब की प्रति भी सोशल मीडिया पर साझा की है।
यह विवाद उस समय शुरू हुआ था जब निशिकांत दुबे ने सोशल मीडिया पर राम मंदिर चढ़ावा गड़बड़ी मामले के आरोपी रामशंकर उर्फ टिन्नू यादव का नाम अखिलेश यादव से जोड़ते हुए एक पोस्ट किया था। अखिलेश यादव ने इसे झूठा और मानहानिकारक बताते हुए पोस्ट हटाने की चेतावनी दी थी, जिसके बाद उनकी ओर से भाजपा सांसद को मानहानि का कानूनी नोटिस भेजा गया।
इस मामले में समाजवादी पार्टी के नेताओं ने लखनऊ और इटावा में भी निशिकांत दुबे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में उन पर फर्जी जानकारी फैलाने और अखिलेश यादव की छवि खराब करने का आरोप लगाया गया है। फिलहाल मामला कानूनी प्रक्रिया में है और दोनों पक्ष अपने-अपने दावों पर कायम हैं।