Ranchi News : राजधानी रांची में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मां-बेटे समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के विद्यानगर स्थित करम चौक में छापेमारी के दौरान पुलिस ने 159 पुड़िया ब्राउन शुगर, तीन स्मार्टफोन और 7,320 रुपये नकद बरामद किए हैं।
गुप्त सूचना पर गठित विशेष टीम ने की कार्रवाई, भागने की कोशिश में पकड़ा गया पहला आरोपी
वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन को गुप्त सूचना मिली थी कि इलाके में अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस उपाधीक्षक हटिया के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया और छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान पुलिस को देखकर भागने की कोशिश कर रहे अनिकेत अग्रवाल को गिरफ्तार किया गया। उसकी तलाशी में 20 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद हुई, जिसका कुल वजन 2.05 ग्राम था।
आरोपियों के घर से भी मिली ब्राउन शुगर, एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज हुआ मामला
अनिकेत से पूछताछ के बाद पुलिस ने उसकी निशानदेही पर कुसुम चौबे और उनके पुत्र अंकुश चौबे को गिरफ्तार किया। कुसुम चौबे के पास से 49 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद हुई, जिसका वजन 4.94 ग्राम था। वहीं अंकुश चौबे के पास से 45 पुड़िया ब्राउन शुगर मिली, जिसका वजन 4.65 ग्राम पाया गया।
पुलिस ने आरोपियों के घर की तलाशी के दौरान अलमारी में रखे एक पर्स से भी 45 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की। इसका वजन 4.79 ग्राम था। इस तरह कुल 159 पुड़िया ब्राउन शुगर, जिनका कुल वजन 16.43 ग्राम है, जब्त की गई।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही ब्राउन शुगर तस्करी के नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य लोगों की पहचान के लिए जांच और छापेमारी जारी है। पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।