Ranchi News : रांची में नेता प्रतिपक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने भाजपा के प्रदेश कार्यालय हरमू में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान हेमंत सोरेन सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है और 14वीं JPSC परीक्षा में हुई गड़बड़ी कोई गलती नहीं, बल्कि सुनियोजित घोटाला है। उन्होंने पूरे मामले की CBI जांच कराने की मांग की।
प्रेस वार्ता की शुरुआत में बाबूलाल मरांडी ने कारगिल विजय दिवस पर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार बेरोजगार युवाओं को ठग रही है और महत्वपूर्ण पदों पर ऐसे अधिकारियों की नियुक्ति कर रही है, जिन पर पहले से सवाल उठ चुके हैं। उन्होंने दावा किया कि अफसर बनाने के नाम पर लाखों रुपये की घूस ली जा रही है और परीक्षा प्रक्रिया के विभिन्न चरणों में पैसे वसूले जाते हैं।
JPSC अध्यक्ष पर FIR दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग, सरकार पर दोषियों को बचाने का आरोप
बाबूलाल मरांडी ने हाल ही में JPSC के परीक्षा नियंत्रक की गिरफ्तारी और अध्यक्ष एल. ख्यांग्ते के इस्तीफे पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार CID जांच के जरिए असली दोषियों और सत्ता से जुड़े लोगों को बचाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि जनवरी में कर्नाटक के एक छात्र ने OMR शीट में कथित गड़बड़ी और पैसे की वसूली को लेकर JPSC अध्यक्ष को पत्र लिखा था, लेकिन उस पर कोई कार्रवाई नहीं की गई।
उन्होंने मांग की कि केवल इस्तीफा पर्याप्त नहीं है, बल्कि एल. ख्यांग्ते के खिलाफ FIR दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया जाना चाहिए। साथ ही उन्होंने पुलिस की कार्रवाई, FIR की प्रक्रिया और जांच के तरीके पर भी सवाल उठाए। प्रेस वार्ता के अंत में मरांडी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से पूरे JPSC विवाद की CBI जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि यदि युवाओं के साथ अन्याय नहीं रुका तो राज्य के नौजवान सड़क पर उतरकर आंदोलन करेंगे।