Ranchi News : कोकर की रहने वाली 18 माह की मासूम अदिति के लापता होने के करीब 20 दिन बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है। बच्ची के नहीं मिलने से परिवार की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है। इसी बीच डुमरी विधायक टाइगर जयराम महतो अपने समर्थकों के साथ अदिति के घर पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर उनका हाल जाना।
इस दौरान विधायक ने परिवार से पूरे मामले की जानकारी ली और उस नाले का भी निरीक्षण किया, जहां बच्ची के बह जाने की आशंका जताई जा रही है। निरीक्षण के बाद जयराम महतो ने कहा कि बच्ची के नाले में बह जाने की बात उन्हें तर्कसंगत नहीं लगती। उन्होंने कहा कि अगर ऐसा हुआ होता तो अब तक कोई न कोई सबूत जरूर मिल जाता।
एसएसपी से फोन पर बात, दो दिन में जानकारी देने का भरोसा
मौके पर ही विधायक ने रांची एसएसपी राकेश रंजन से फोन पर बातचीत की। एसएसपी ने भरोसा दिलाया कि पुलिस और प्रशासन लगातार मामले की जांच में जुटे हैं और अगले दो दिनों के भीतर कोई ठोस जानकारी सामने लाने की कोशिश की जाएगी।
जयराम महतो ने कहा कि अगर दो दिनों के भीतर अदिति का पता नहीं चलता है तो वे सड़क पर उतरकर आंदोलन करेंगे। उन्होंने कहा कि इतने दिनों तक एक मासूम बच्ची का कोई सुराग नहीं मिलना प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़ा करता है।
राजनीतिक और सामाजिक संगठनों का बढ़ रहा दबाव
अदिति के लापता होने के बाद से लगातार राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों की ओर से प्रशासन पर दबाव बनाया जा रहा है। हाल ही में भाजपा और जेएलकेएम कार्यकर्ताओं ने भी सदर थाना का घेराव कर बच्ची को जल्द सकुशल बरामद करने की मांग की थी। अब तक बच्ची का कोई पता नहीं चलने से परिवार और स्थानीय लोगों की बेचैनी लगातार बढ़ती जा रही है।