Ranchi Weather Alert : राजधानी रांची के लालपुर थाना क्षेत्र स्थित ईस्ट जेल रोड में तेज बारिश और आंधी के दौरान एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। अचानक एक विशाल पेड़ सड़क पर गिर पड़ा, जिसकी चपेट में आने से कार सवार एक युवक घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
पेड़ के साथ टूटा 11 हजार वोल्ट का बिजली तार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज हवा और बारिश के कारण पेड़ अचानक सड़क पर गिर गया। पेड़ गिरने के साथ ही 11 हजार वोल्ट का बिजली तार भी टूटकर नीचे आ गिरा। हालांकि राहत की बात यह रही कि उस समय बिजली लाइन बंद थी, जिससे बड़ा हादसा टल गया और कार सवार युवक की जान बच गई।
घटना के दौरान सड़क पर लोगों में दहशत का माहौल बन गया और कुछ देर तक आवाजाही भी प्रभावित रही।
स्थानीय लोगों ने घायल युवक को पहुंचाया अस्पताल
पेड़ गिरने के बाद स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और कार में फंसे युवक को बाहर निकाला। घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। फिलहाल युवक की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
दो वाहन क्षतिग्रस्त, इलाके में अफरा-तफरी
घटना के दौरान सड़क किनारे खड़ी दो गाड़ियां भी पेड़ की चपेट में आकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। सूचना मिलने के बाद स्थानीय प्रशासन और बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सड़क से पेड़ हटाने का काम शुरू किया।