School Theft Case: पश्चिमी सिंहभूम जिले के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के कसीरा स्थित मध्य विद्यालय में शुक्रवार रात चोरी की घटना सामने आई. अज्ञात बदमाश स्कूल का ताला तोड़कर अंदर घुसे और ऑफिस व आईसीटी लैब से नकदी समेत कीमती सामान लेकर फरार हो गए. घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.
सुबह स्कूल पहुंचने पर चला घटना का पता
शनिवार सुबह बच्चे और स्कूल का स्टाफ परिसर पहुंचे तो कई कमरों के ताले टूटे मिले. अंदर सामान बिखरा हुआ था. शिक्षकों ने जांच की तो ऑफिस में रखे 5 हजार रुपये नकद गायब मिले. आईसीटी लैब के लिए विभाग से मिली टैबलेट भी नहीं मिली. इसके बाद मामले की सूचना शिक्षा विभाग और जगन्नाथपुर थाना पुलिस को दी गई.
पुलिस जुटी आरोपियों की तलाश में
सूचना मिलते ही पुलिस टीम स्कूल पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. प्रारंभिक जांच के दौरान पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं. साथ ही शिक्षकों और स्थानीय लोगों से पूछताछ भी की जा रही है, ताकि चोरी में शामिल लोगों की पहचान की जा सके.
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
घटना के बाद ग्रामीणों ने स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था पर चिंता जताई है. उनका कहना है कि चारदीवारी नहीं होने से असामाजिक तत्व आसानी से परिसर में प्रवेश कर जाते हैं. ग्रामीणों ने स्कूल की सुरक्षा मजबूत करने और चारदीवारी का निर्माण कराने की मांग की है. पुलिस के मुताबिक मामले की जांच जारी है और आरोपियों की पहचान कर जल्द कार्रवाई की जाएगी.