Seraikela: लगातार हो रही बारिश और आने वाले दिनों में भी बारिश की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने कमारगोड़ा क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी है। कमारगोड़ा चौक से बस्ती की ओर जाने वाले रास्ते में स्थित पुलिया बारिश के दौरान पानी में डूब जाती है, जिससे इस मार्ग से आवागमन जोखिम भरा हो जाता है।
प्रशासन के अनुसार, पिछले वर्ष भी बारिश के दौरान पुलिया के डूब जाने से लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई थी। इस बार पहले से ही सुरक्षा व्यवस्था की जा रही है। पुलिया के पास बैरिकेडिंग की जा रही है। साथ ही कपाली थाना से पुलिस जवानों की तैनाती की गई है। चांडिल अनुमंडल पदाधिकारी के स्तर से एक मजिस्ट्रेट की भी प्रतिनियुक्ति की गई है।
असुरक्षित रास्तों से दूर रहने की अपील
कपाली नगर परिषद के प्रशासक गोपी कृष्णा ने लोगों से नदी और पानी के तेज बहाव वाले पुल-पुलियों से दूर रहने की अपील की है। उन्होंने खासकर बच्चों और युवाओं को ऐसे स्थानों पर जाने से रोकने की अपील की है। अधिकारियों के अनुसार, जलस्तर बढ़ने की स्थिति में यह पुलिया आवागमन के लिए पूरी तरह असुरक्षित हो सकती है। कपाली ओपी प्रभारी अविनाश कुमार ने लोगों से कमारगोड़ा और अन्य संवेदनशील पुलियों का इस्तेमाल नहीं करने की अपील की है। उन्होंने लोगों को आवागमन के लिए ब्रह्मानंद मार्ग का उपयोग करने की सलाह दी है।
चांडिल डैम से पानी छोड़े जाने पर बढ़ सकता है खतरा
अधिकारियों ने बताया कि रांची समेत नदियों के उद्गम क्षेत्रों में लगातार बारिश हो रही है। ऐसे में चांडिल डैम से पानी छोड़े जाने पर कमारगोड़ा क्षेत्र में जलस्तर और बढ़ सकता है। इसी संभावना को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के इंतजाम किए हैं। अधिकारियों का कहना है कि लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए संवेदनशील स्थानों पर निगरानी रखी जा रही है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।