Seraikela: सरायकेला-खरसावां जिले के कांड्रा और आसपास के क्षेत्रों में जियो नेटवर्क की खराब स्थिति से उपभोक्ताओं की परेशानी लगातार बढ़ रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले करीब एक महीने से नेटवर्क संबंधी समस्या बनी हुई है, जिससे उनके दैनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं। उपभोक्ताओं के अनुसार सबसे अधिक दिक्कत जियो की 5जी सेवा का उपयोग करने वाले ग्राहकों को हो रही है। उनका कहना है कि मोबाइल का नेटवर्क बार-बार 5जी से 4जी पर चला जाता है। इसके कारण कॉल करने और कॉल रिसीव करने में परेशानी होती है। साथ ही इंटरनेट सेवा भी कई बार बाधित हो जाती है।
ऑनलाइन कार्य भी हो रहे प्रभावित
स्थानीय लोगों का कहना है कि कांड्रा और आसपास के क्षेत्रों में बड़ी संख्या में लोग जियो की 5जी सेवा का इस्तेमाल कर रहे हैं। नेटवर्क की समस्या के कारण ऑनलाइन पढ़ाई, डिजिटल भुगतान, बैंकिंग सेवाएं, कार्यालयी कामकाज और व्यापारिक गतिविधियां भी प्रभावित हो रही हैं। उपभोक्ताओं ने जियो कंपनी से तकनीकी समस्या का जल्द समाधान कर नेटवर्क व्यवस्था में सुधार करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जल्द स्थिति नहीं सुधरी तो वे दूरसंचार विभाग और कंपनी के उच्च अधिकारियों से शिकायत करेंगे।