Seraikela: आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से सरायकेला-खरसावां जिला प्रशासन की ओर से साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार में उपायुक्त ने स्वयं जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों की शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनता दरबार में जिले के अलग-अलग प्रखंडों और शहरी क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। लोगों ने प्रशासन के समक्ष व्यक्तिगत और सार्वजनिक हित से जुड़े कई मामलों को उठाया।
तालाब बंदोबस्ती और बिजली व्यवस्था का मामला उठा
जनता दरबार में मत्स्यजीवी समिति के प्रतिनिधियों ने तालाब बंदोबस्ती की बढ़ी हुई दरों पर पुनर्विचार करने की मांग की। वहीं कुचाई प्रखंड के बेरासीसीरूम गांव के ग्रामीणों ने जर्जर विद्युत तारों की मरम्मत कर सुरक्षित बिजली व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग रखी। खरसावां के शहीद पार्क के नियमित रखरखाव, सामान्य दिनों में पार्क को आम लोगों के लिए खोलने तथा शहीद चौक के जीर्णोद्धार कार्य में तेजी लाने की मांग भी प्रशासन के समक्ष रखी गई। इसके अलावा तमोलिया-कपाली मुख्य मार्ग पर नाली निर्माण और आदित्यपुर में रैयती भूमि के रास्ते से जुड़े विवाद की शिकायतें भी सामने आईं।
सरकारी योजनाओं से जुड़ी शिकायतें भी पहुंचीं
जनता दरबार में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, ईचागढ़ में नामांकन से संबंधित समस्या और मुख्यमंत्री मईयां सम्मान योजना का लाभ पिछले पांच माह से नहीं मिलने की शिकायत भी लोगों ने उपायुक्त के समक्ष रखी। उपायुक्त ने कहा कि जनता दरबार का उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं का पारदर्शी, त्वरित और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त आवेदनों का शीघ्र निष्पादन किया जाए और पात्र लाभुकों को सरकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी अनावश्यक विलंब के उपलब्ध कराया जाए।
ग्रामीणों को मिल रहा सीधा मंच
जिला प्रशासन का कहना है कि साप्ताहिक जनता दरबार के माध्यम से दूर-दराज के ग्रामीणों और आम नागरिकों को अपनी समस्याएं सीधे जिला प्रशासन के समक्ष रखने का अवसर मिल रहा है, जिससे शिकायतों के त्वरित समाधान में भी मदद मिल रही है।