Seraikela News: सराईकेला-खरसावां जिले में आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। जिले में 100 बेड वाले क्रिटिकल केयर हेल्थ ब्लॉक के निर्माण के लिए 10 करोड़ रुपये से अधिक की राशि मंजूर की गई है। यह आवंटन वित्तीय वर्ष 2026-27 के तहत किया गया है।यह परियोजना प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर मिशन और राज्य सरकार की संयुक्त योजना के तहत तैयार की जा रही है। जानकारी के अनुसार परियोजना की संशोधित लागत अब 64.25 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है।
भवन निर्माण निगम को सौंपी गई जिम्मेदारी
निर्माण कार्य की जिम्मेदारी झारखंड राज्य भवन निर्माण निगम लिमिटेड को सौंपी गई है। निर्माण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए थर्ड पार्टी क्वालिटी जांच की व्यवस्था भी की गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर ही भुगतान की प्रक्रिया पूरी होगी।
सरकार की ओर से एजेंसी को हर महीने निर्माण कार्य की प्रगति रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है। यह आदेश अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह के हस्ताक्षर से जारी किया गया है।
जिले के मरीजों को मिलेगा बेहतर इलाज
क्रिटिकल केयर हेल्थ ब्लॉक शुरू होने के बाद जिले के मरीजों को गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए बेहतर सुविधा स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो सकेगी। इससे बड़े शहरों में इलाज के लिए जाने की परेशानी और आर्थिक बोझ दोनों कम होने की उम्मीद है।