Stock Market: भारतीय शेयर बाजार में पिछले कुछ दिनों से हलचल तेज हो गई है। अमेरिका और ईरान के बीच शांति समझौते की खबरों ने निवेशकों को असमंजस में डाल दिया है, जिसका असर बाजार पर साफ दिख रहा है। बुधवार को बाजार की शुरुआत सपाट रही। सेंसेक्स 69.84 अंक यानी 0.09 प्रतिशत की गिरावट के साथ 75,940 पर खुला, जबकि निफ्टी 23.10 अंक यानी 0.10 प्रतिशत कमजोर होकर 23,890 के स्तर पर कारोबार करता दिखा।
मिडकैप-स्मॉलकैप में चमक, कई सेक्टोरल इंडेक्स हरे निशान में
बुधवार के कारोबार में बाजार का रुख मिलाजुला रहा। निफ्टी मेटल, रियल्टी, मीडिया, इंडिया डिफेंस, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, फार्मा और हेल्थकेयर इंडेक्स में तेजी देखी गई, जबकि आईटी, एनर्जी, ऑयल एंड गैस और पीएसई इंडेक्स दबाव में रहे। लार्जकैप शेयरों की तुलना में मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में बेहतर खरीदारी देखने को मिली। निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 314 अंक की तेजी के साथ 62,613 पर और निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 115 अंक चढ़कर 18,386 पर पहुंच गया।
एनटीपीसी से टाटा स्टील तक तेजी, आईटी और बैंकिंग शेयरों में दबाव
बीएसई सेंसेक्स के प्रमुख शेयरों में एनटीपीसी, एशियन पेंट्स, अदाणी पोर्ट्स, पावर ग्रिड, बजाज फिनसर्व, अल्ट्राटेक सीमेंट, टाटा स्टील, एलएंडटी, एसबीआई, टेक महिंद्रा और टीसीएस के शेयरों में मजबूती दर्ज की गई। वहीं एचडीएफसी बैंक, इन्फोसिस, आईसीआईसीआई बैंक, एचसीएल टेक, भारती एयरटेल और इंडिगो जैसे शेयरों में बिकवाली का दबाव नजर आया। इस बीच कच्चे तेल की कीमतों में भी गिरावट देखी गई। ब्रेंट क्रूड 1.51 प्रतिशत टूटकर 98 डॉलर प्रति बैरल और डब्ल्यूटीआई क्रूड 1.83 प्रतिशत गिरकर 92 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार करता दिखा।
विदेशी निवेशकों की बिकवाली जारी, एशियाई बाजारों में मिला-जुला रुख
विदेशी संस्थागत निवेशकों की बिकवाली का सिलसिला लगातार जारी है। मंगलवार को एफआईआई ने 2,407.87 करोड़ रुपये की बिकवाली की, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों ने 1,361.43 करोड़ रुपये का निवेश किया। अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी मिश्रित रुख देखने को मिला। टोक्यो, बैंकॉक और सोल के बाजार हरे निशान में रहे, जबकि शंघाई और हांगकांग में कमजोरी दर्ज की गई। अमेरिकी बाजारों में मंगलवार को डाओ जोंस गिरावट के साथ बंद हुआ, जबकि टेक्नोलॉजी इंडेक्स नैस्डैक में 1.19 प्रतिशत की मजबूती देखने को मिली।