Weather Alert : भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने नया मौसम अपडेट जारी करते हुए जम्मू-कश्मीर, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल समेत कई राज्यों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार अगले छह से सात दिनों तक उत्तर-पश्चिम, पूर्व और पूर्वोत्तर भारत में मानसून पूरी तरह सक्रिय रहेगा।
आईएमडी के मुताबिक, 19 जुलाई को पश्चिम बंगाल और सिक्किम में अत्यधिक भारी बारिश की संभावना है। वहीं अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। उत्तराखंड में 19 और 20 जुलाई, जबकि जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में 20 और 21 जुलाई के दौरान भारी बारिश का अनुमान है। जम्मू-कश्मीर के राजौरी में लगातार बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव और बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं।
कई राज्यों में वज्रपात की भी चेतावनी
मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश तथा राजस्थान में भी व्यापक बारिश की संभावना जताई है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में 24 जुलाई तक और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 22 से 24 जुलाई के बीच भारी वर्षा हो सकती है।
इसके अलावा जम्मू-कश्मीर, राजस्थान, मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल, बिहार, ओडिशा, तमिलनाडु, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में वज्रपात की आशंका भी जताई गई है। वहीं पश्चिम-मध्य और दक्षिण भारत के अधिकांश हिस्सों में बारिश की गतिविधियां अपेक्षाकृत कमजोर रहने का अनुमान है।