Jharkhand News: गिरिडीह जिले के तिसरी थाना क्षेत्र से अपहृत दो किशोरियों के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. दोनों किशोरियों को सुरक्षित बरामद कर लिया गया है. इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है. बरामदगी और गिरफ्तारी की पुष्टि खोरीमहुआ एसडीपीओ राजेंद्र प्रसाद ने प्रेसवार्ता के दौरान की.
23 जनवरी को दर्ज हुआ था मामला
पुलिस के अनुसार, किशोरियों के पिता ने 23 जनवरी को तिसरी थाना में आवेदन देकर बेटियों के अपहरण की जानकारी दी थी. मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच शुरू की गई और विशेष टीम का गठन किया गया. टीम का नेतृत्व एसडीपीओ राजेंद्र प्रसाद कर रहे थे.
तकनीकी साक्ष्यों के सहारे हल्दिया तक पहुंची पुलिस
जांच के दौरान मिले तकनीकी इनपुट के आधार पर पुलिस की टीम पश्चिम बंगाल के हल्दिया तक पहुंची. इसी क्रम में डुमरी टोल प्लाजा के पास से एक ट्रक को रोका गया, जहां से ट्रक चालक अमित कुमार और मुख्य आरोपी छोटे लाल को हिरासत में लिया गया. पूछताछ में दोनों ने अपराध स्वीकार कर लिया.
आरोपियों की निशानदेही पर हुई किशोरियों की बरामदगी
आरोपियों की स्वीकारोक्ति के बाद पुलिस ने उनकी निशानदेही पर दोनों किशोरियों को सकुशल बरामद कर लिया. इसके बाद किशोरियों और आरोपियों को तिसरी थाना लाया गया. मुख्य आरोपी छोटे लाल फर्रुखाबाद के रोकरी का निवासी है, जबकि ट्रक चालक अमित कुमार पटियाली के नगला का रहने वाला है.
ट्रक और मोबाइल फोन जब्त, जेल भेजने की तैयारी
पुलिस ने इस मामले में प्रयुक्त ट्रक नंबर NL01AH-4253 और दोनों आरोपियों के मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं. आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को जेल भेजने की तैयारी की जा रही थी. छापेमारी और कार्रवाई में थाना प्रभारी रंजय कुमार के साथ सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.
किशोरियों की सुरक्षित बरामदगी से पुलिस की त्वरित कार्रवाई और तकनीकी जांच की भूमिका एक बार फिर सामने आई है. अंतरराज्यीय स्तर तक फैले इस मामले में पुलिस की सक्रियता ने एक गंभीर अपराध को समय रहते सुलझा लिया, जिससे पीड़ित परिवार को राहत मिली है.