Jharkhand: झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो के नाम से सोशल मीडिया पर एक फर्जी फेसबुक अकाउंट बनाए जाने का मामला सामने आया है, जिससे लोगों में भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो रही है। इस संबंध में स्पष्ट किया गया है कि यह फेसबुक अकाउंट पूरी तरह से नकली है और इसका विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो से कोई भी प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष संबंध नहीं है।
विधानसभा अध्यक्ष की ओर से आम नागरिकों से अपील
विधानसभा अध्यक्ष की ओर से आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे इस फर्जी फेसबुक अकाउंट से आने वाले किसी भी प्रकार के संदेश, कॉल या अन्य संपर्क पर बिल्कुल भी भरोसा न करें। ऐसे फर्जी अकाउंट के माध्यम से लोगों को गुमराह करने या ठगी का प्रयास किया जा सकता है, इसलिए सतर्कता बहुत जरूरी है।
उन्होंने यह भी कहा है कि यदि किसी व्यक्ति को इस फेक अकाउंट से कोई संदेश प्राप्त होता है या किसी तरह की धोखाधड़ी की कोशिश की जाती है, तो इसकी सूचना तुरंत अपने नजदीकी साइबर थाना में दें या फिर साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। समय रहते की गई शिकायत से साइबर अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई संभव हो सकेगी और अन्य लोगों को ठगी का शिकार होने से भी बचाया जा सकेगा।
आम नागरिकों को विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता
बता दें कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर फर्जी प्रोफाइल और ऑनलाइन ठगी के मामलों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। ऐसे में आम नागरिकों को विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता है। किसी भी अनजान अकाउंट से आने वाले मैसेज, लिंक या कॉल पर प्रतिक्रिया देने से पहले उसकी सत्यता की जांच जरूर करें।
प्रशासन ने भी लोगों से अपील की
प्रशासन ने भी लोगों से अपील की है कि वे डिजिटल प्लेटफॉर्म का उपयोग सोच-समझकर करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत संबंधित विभाग को दें, ताकि साइबर अपराध पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।