परिजनों ने पेटी और बक्सों की चाबी अपराधियों को सौंप
पीड़ित आशुतोष राज ने बताया कि शुक्रवार देर रात करीब 1 बजे घर के पीछे से लगभग पांच हथियारबंद अपराधी उनके घर में घुस आए। सभी अपराधियों के हाथ में देसी कट्टा था। अपराधियों ने हथियार के बल पर दिव्यांग महिला और बच्चों सहित पूरे परिवार को एक कमरे में बंधक बना लिया। साथ ही धमकी दी कि यदि घर का सामान नहीं दिया गया तो गोली मार दी जाएगी। भयभीत होकर परिजनों ने पेटी और बक्सों की चाबी अपराधियों को सौंप दी।
घर में मां और तीन बच्चे मौजूद
बताया जाता है कि अपराधियों ने करीब एक घंटे तक परिवार को बंधक बनाए रखा और घर से 1 लाख रुपये नगद, सोने की चेन, कनवाली और जितिया समेत लगभग 7 लाख रुपये मूल्य के सामान लूटकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई है। हालांकि पीड़ित परिवार का आरोप है कि सूचना देने के कई घंटे बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। जानकारी के अनुसार पीड़ित के माता-पिता दोनों दिव्यांग हैं। पिता बाहर नौकरी करते हैं, जबकि घटना के समय घर में मां और तीन बच्चे मौजूद थे।
गश्ती बढ़ाने की मांग
इस घटना के बाद पूरा परिवार सदमे और भय के माहौल में है। बीच बाजार में हुई इस वारदात से स्थानीय लोगों में भी दहशत फैल गई है। बाजारवासियों का कहना है कि हथियार के बल पर की गई इस घटना ने पुलिस प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने और गश्ती बढ़ाने की मांग की है।