Sports News: काठमांडू में 31 जनवरी से 7 फरवरी तक आयोजित सैफ अंडर-19 महिला फुटबॉल चैंपियनशिप 2026 में झारखंड की खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत को खिताब दिलाने में निर्णायक भूमिका निभाई. फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने बांग्लादेश को 4-0 से पराजित कर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया.
शुरुआत से ही आक्रामक रही भारतीय टीम
फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया और पूरे खेल के दौरान बांग्लादेश पर दबाव बनाए रखा. झारखंड की खिलाड़ी एलिजाबेथ लकड़ा ने एक महत्वपूर्ण गोल कर टीम की जीत को और मजबूत किया.
इस चैंपियनशिप में भारत, नेपाल, भूटान और बांग्लादेश की टीमें शामिल थीं. पूरे टूर्नामेंट में भारतीय टीम ने संतुलित और प्रभावशाली खेल का प्रदर्शन करते हुए सभी मुकाबलों में अपना दबदबा कायम रखा और खिताब अपने नाम किया.
झारखंड की 6 खिलाड़ियों ने दिखाया दम
भारतीय अंडर-19 महिला फुटबॉल टीम में झारखंड की कुल छह खिलाड़ियों को शामिल किया गया था. गुमला स्थित आवासीय बालिका फुटबॉल प्रशिक्षण केंद्र से एलिजाबेथ लकड़ा, अनीता डुंगडुंग, सूरज मुनि कुमारी और विनीता होरो टीम का हिस्सा रहीं. वहीं हजारीबाग के आवासीय प्रशिक्षण केंद्र से अनुष्का कुमारी और रांची के स्टार वॉरियर्स से दिव्यानी लिंडा को टीम में जगह मिली.
राज्य के लिए गर्व का क्षण
झारखंड की बेटियों के इस प्रदर्शन को राज्य के लिए गर्व का क्षण माना जा रहा है. सीमित संसाधनों के बावजूद अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का प्रतिनिधित्व कर जीत दिलाना आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा है. इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, खेल मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू, खेल सचिव मनोज कुमार, खेल निदेशक आसिफ इकराम, झारखंड ओलंपिक संघ और झारखंड फुटबॉल संघ के पदाधिकारियों सहित कई खेल प्रेमियों और कोचों ने खिलाड़ियों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं.
यह जीत केवल एक टूर्नामेंट की सफलता नहीं है, बल्कि यह दर्शाती है कि झारखंड में महिला फुटबॉल का भविष्य उज्ज्वल है. सही प्रशिक्षण और मंच मिलने पर राज्य की खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान बना सकती हैं.