Jamtara: जामताड़ा जिले के करमाटांड़ क्षेत्र में बच्चा चोरी की अफवाह फैलने के बाद एक व्यक्ति को ग्रामीणों ने संदिग्ध मानकर पकड़ लिया। हालांकि बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।
पूछताछ के दौरान भागने की कोशिश
जानकारी के अनुसार, व्यक्ति करमाटांड़ की मुस्लिम बस्ती में पहुंचा था। स्थानीय लोगों को उस पर संदेह हुआ तो उसे पूछताछ के लिए बुलाया गया। इसी दौरान वह वहां से जाने की कोशिश करने लगा, जिससे लोगों का शक और बढ़ गया। ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया और तलाशी ली।
बैग से कई सामान बरामद
तलाशी के दौरान उसके बैग से कुल्हाड़ी, चाकू, एटीएम कार्ड, फास्टैग, चिमटा, दवा और कैंची सहित कुछ अन्य सामान मिला। जब उससे पहचान पत्र दिखाने को कहा गया तो उसने बताया कि उसका आधार कार्ड घर पर ही रह गया है। उसने अपना नाम लाडल शेख बताया और कहा कि वह अपने परिचित आबिद से मिलने आया था।
कुछ युवकों ने दिखाई समझदारी
घटना के दौरान कुछ लोगों ने गुस्से में आकर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। हालांकि, मौजूद कुछ शिक्षित युवकों ने हस्तक्षेप कर लोगों को शांत कराया और बिना पुष्टि के किसी को नुकसान न पहुंचाने की बात कही।
पुलिस ने संभाला मामला
ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। एसआई विकास कुमार तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की। जांच में सामने आया कि वह एक दिन पहले सदर अस्पताल, जामताड़ा में इलाज कराने गया था और उसके बाद आसनसोल-झाझा पैसेंजर ट्रेन से करमाटांड़ पहुंचा था।
पुलिस के अनुसार, वह लोगों से पैसे मांगता था और उसकी मानसिक स्थिति भी पूरी तरह सामान्य नहीं लग रही है। फिलहाल उससे पूछताछ जारी है।
अफवाहों से बचने की अपील
पुलिस ने ग्रामीणों से अपील की है कि किसी भी तरह की अफवाह पर तुरंत विश्वास न करें और संदिग्ध स्थिति में कानून हाथ में लेने के बजाय पुलिस को सूचना दें। मामले की जांच जारी है।