Ranchi Crime News: राजधानी के बीआईटी मेसरा क्षेत्र में दहशत फैलाने वाले राहुल सिंह गिरोह के मुख्य सरगना और उसके चार सहयोगियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. बीते 4 फरवरी को टोयोटा शोरूम और विकास अस्पताल के पास हुई हवाई फायरिंग के मामले में पुलिस को यह बड़ी सफलता हाथ लगी है. गिरफ्तार आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त हथियार और मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है.
गुप्त सूचना पर कोकर में छापेमारी
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि फायरिंग का मुख्य आरोपी कोकर के सुंदर विहार इलाके में छिपा हुआ है. इसके बाद गठित विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी की और अमन कुमार ठाकुर उर्फ छोटू को हिरासत में लिया. पूछताछ के बाद अमन की निशानदेही पर गिरोह के चार अन्य सदस्यों को भी गिरफ्तार किया गया. गिरफ्तार अभियुक्तों के नाम इस प्रकार हैं:
- अमन कुमार ठाकुर उर्फ छोटू (मुख्य आरोपी, ओरमांझी)
- करन कुमार उरांव (हजारीबाग)
- विशाल मुण्डा (ओरमांझी)
- सेंटू सिंह (रामगढ़)
- रामानन्द कुमार (रामगढ़)
अपराध में प्रयुक्त सामान बरामद
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर ओरमांझी स्थित घर से वह सारा सामान बरामद कर लिया है, जो फायरिंग के दौरान इस्तेमाल किया गया था. बरामदगी की सूची में शामिल है:
- एक पिस्टल और दो जिंदा कारतूस.
- नीले रंग की अपाचे मोटरसाइकिल (जिसे पहचान छिपाने के लिए काले रंग से रंगा गया था).
- 06 मोबाइल फोन.
- घटना के वक्त पहने हुए कपड़े, हेलमेट और चप्पल.
खतरनाक है गिरोह का आपराधिक इतिहास
गिरफ्तार आरोपियों में से करन कुमार उरांव और अमन कुमार ठाकुर का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है. करन कुमार उरांव पर पहले से ही हत्या के प्रयास, रंगदारी और आर्म्स एक्ट के आधा दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं. यह गिरोह क्षेत्र में भय पैदा कर रंगदारी वसूलने और आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने में सक्रिय था.
इस कार्रवाई से पुलिस ने राहुल सिंह गिरोह के नेटवर्क को बड़ा झटका दिया है. फिलहाल सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है.