Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-04-11

Chaibasa Crime News: नोवामुंडी में डिलीवरीमैन से चोरी हुए 6 मोबाइल, 24 घंटे में पुलिस ने बरामद कर तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार

Chaibasa: पश्चिमी सिंहभूम जिले के नोवामुंडी थाना क्षेत्र में एक पार्सल डिलीवरीमैन खुद ही चोरी का शिकार बन गया, जब डिलीवरी के लिए लाए गए छह मोबाइल फोन अचानक गायब हो गए। हालांकि राहत की बात यह रही कि पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए महज 24 घंटे के भीतर न केवल सभी मोबाइल बरामद कर लिए, बल्कि चोरी में शामिल आरोपियों को भी अलग-अलग जगहों से गिरफ्तार कर लिया। मोबाइल वापस मिलने और आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद डिलीवरीमैन ने राहत की सांस ली है।

चोरी की घटना के बाद तुरंत दर्ज हुई एफआईआर
मामले को लेकर जगन्नाथपुर दीपासाई निवासी अमरजीत कुमार ने नोवामुंडी थाने में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 10 अप्रैल को वे नोवामुंडी क्षेत्र में ग्राहकों को मोबाइल की डिलीवरी करने पहुंचे थे, इसी दौरान उनके पास मौजूद छह मोबाइल फोन चोरी हो गए। घटना के बाद तुरंत थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई, जिसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी और एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।

मोबाइल बेचने की कोशिश में पकड़ा गया आरोपी
जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि एक युवक नोवामुंडी बाजार में मोबाइल बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवक से पूछताछ शुरू की। जब उसके पास मौजूद मोबाइल का IMEI नंबर मिलान किया गया, तो वह चोरी गए मोबाइल से मेल खा गया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी ललित दास, निवासी पचाईसाई तोडेतोपा समी, को हिरासत में लेकर थाने ले गई और उससे गहन पूछताछ की।

निशानदेही पर अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी और मोबाइल बरामद
पूछताछ के दौरान ललित दास ने पुलिस को बताया कि एक मोबाइल उसके घर में है, जबकि दो मोबाइल नोवाग्रीन हेरिटेज निवासी उज्जवल रोहित एक्का उर्फ हीरु के पास और दो मोबाइल कोल्हान हटिंग निवासी कुंदन रजक के पास हैं। इसके आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर सभी मोबाइल बरामद कर लिए और तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। बाद में सभी को न्यायिक प्रक्रिया के तहत चाईबासा जेल भेज दिया गया।

छापामारी टीम की सक्रियता से मिली सफलता
इस पूरे अभियान में नोवामुंडी थाना प्रभारी नयन कुमार सिंह, पुअनि पूर्णिमा कुमारी, पुलिस अवर निरीक्षक अखिलेश सिंह और जैप-09 के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से जहां पीड़ित को राहत मिली, वहीं स्थानीय लोगों में भी पुलिस के प्रति भरोसा और सराहना बढ़ी है।
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !