Jamshedpur News: पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी ने असम के मुख्यमंत्री हेमंत विश्व सरमा के खिलाफ साकची थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है. जिला अध्यक्ष परविंदर सिंह के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता थाने पहुंचे. कांग्रेस का आरोप है कि मुख्यमंत्री सरमा ने पार्टी के वरिष्ठ नेता और मीडिया सेल प्रमुख पवन खेड़ा के खिलाफ बेहद अमर्यादित और आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया है, जिससे कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भावनाओं को ठेस पहुंची है.
बयानबाजी और पुलिसिया कार्रवाई पर बढ़ा विवाद
विवाद की जड़ में पवन खेड़ा द्वारा असम के मुख्यमंत्री की पत्नी पर की गई एक टिप्पणी है, जिससे नाराज होकर असम पुलिस खेड़ा के दिल्ली स्थित आवास तक जा पहुंची थी. इस घटनाक्रम के बाद जब संवाददाताओं ने हेमंत विश्व सरमा से सवाल पूछे, तो उन्होंने पवन खेड़ा के विरुद्ध जो पलटवार किया, कांग्रेस उसे ही अब कानूनी मुद्दा बना रही है. जमशेदपुर कांग्रेस ने इसे लोकतंत्र और राजनीतिक मर्यादाओं का उल्लंघन बताते हुए मुख्यमंत्री के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है.
प्राथमिकी दर्ज कराने के दौरान साकची थाने में कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष अवधेश कुमार सिंह, बिजय यादव और कमलेश कुमार पाण्डेय समेत दर्जनों वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे.