Jharkhand News: झारखंड में ट्रेजरी घोटाले की खबर सामने आने के बाद अब जमशेदपुर में कोषागार अधिकारियों को सतर्क कर दिया गया है। डीसी कर्ण सत्यार्थी ने साफ निर्देश दिया है कि अब किसी भी सरकारी कर्मचारी या अधिकारी का वेतन बिना पूरी जांच के नहीं निकाला जाएगा। हर डीडीओ बिल को अच्छी तरह चेक किया जाएगा और यह भी पक्का किया जाएगा कि जिस व्यक्ति के नाम से वेतन निकाला जा रहा है, वह सच में उस विभाग में काम कर रहा है या नहीं।
कोषागार निरीक्षण के बाद सख्ती, हर भुगतान पर रहेगी कड़ी निगरानी
शनिवार को डीसी ने अचानक कोषागार का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि कोषागार जिले की आर्थिक व्यवस्था का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा है, इसलिए यहां से होने वाले हर भुगतान और निकासी पर कड़ी नजर रखी जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि डीडीओ द्वारा दिए गए हर बिल नियमों के अनुसार है या नहीं, इसकी जांच जरूर करें। साथ ही यह भी ध्यान रखें कि पैसा उसी काम के लिए निकले, जिसके लिए सरकार ने मंजूरी दी है।
वेतन भुगतान से पहले पूरी जांच जरूरी, फर्जीवाड़ा रोकने के सख्त निर्देश
डीसी ने यह भी कहा कि कर्मचारियों के वेतन या मानदेय देने से पहले उनकी पूरी जानकारी जैसे नाम, पद, जन्म तिथि आदि को ऑनलाइन या सर्विस बुक से मिलाया जाए। यह भी सुनिश्चित किया जाए कि कर्मचारी वास्तव में उस कार्यालय में काम कर रहा है। वेतन या पेंशन देने से पहले बैंक खाता भी सही तरह से चेक किया जाए, जैसे पासबुक या चेक के जरिए, ताकि कोई गड़बड़ी न हो।