Parle Industries Share Price: इटली की प्रधानमंत्री Giorgia Meloni और भारत के प्रधानमंत्री Narendra Modi की दोस्ती एक बार फिर सोशल मीडिया पर चर्चा में आ गई। रोम दौरे के दौरान पीएम मोदी ने मेलोनी को Melody टॉफियों का पैकेट गिफ्ट किया। वीडियो में मेलोनी हंसते हुए कहती नजर आईं, “Prime Minister Modi Brought As A Gift A Very, Very Good Toffee.” इसके बाद सोशल मीडिया पर “Melodi” मीम्स की बाढ़ आ गई और मामला तेजी से वायरल हो गया।
वायरल वीडियो से शेयर में अपर सर्किट
वीडियो वायरल होते ही Parle Industries के शेयरों में अचानक जबरदस्त तेजी देखने को मिली। निवेशकों ने नाम देखकर इसे उसी कंपनी से जोड़ दिया, जो Melody, Parle-G और Monaco जैसे लोकप्रिय ब्रांड बनाती है। सोशल मीडिया पर चर्चा बढ़ते ही लोगों ने जल्दबाजी में शेयर खरीदने शुरू कर दिए, जिसके चलते स्टॉक अपर सर्किट तक पहुंच गया।
असली कंपनी कौन, कन्फ्यूजन कहां हुआ?
दरअसल Melody और Parle-G जैसे ब्रांड Parle Products के हैं, जो एक अलग प्राइवेट कंपनी है। वहीं Parle Industries का इन प्रोडक्ट्स से कोई संबंध नहीं है। यह कंपनी इंफ्रास्ट्रक्चर, रियल एस्टेट और पेपर वेस्ट रीसाइक्लिंग जैसे सेक्टर में काम करती है। इसकी शुरुआत 1983 में Express Bottlers Services Pvt Ltd के रूप में हुई थी, बाद में इसका नाम बदलकर Parle Software Ltd और फिर Parle Industries रखा गया।
सोशल मीडिया ट्रेंड से निवेश का खतरा
इस पूरे घटनाक्रम ने दिखा दिया कि सोशल मीडिया का असर अब शेयर बाजार पर भी तेजी से पड़ने लगा है। सिर्फ एक वायरल वीडियो और नाम की समानता ने कंपनी के शेयर में बड़ा उछाल ला दिया। हालांकि एक्सपर्ट्स का कहना है कि निवेश करने से पहले कंपनी का असली बिजनेस, फंडामेंटल और बैकग्राउंड जरूर जांचना चाहिए, क्योंकि केवल वायरल ट्रेंड देखकर पैसा लगाना भारी नुकसान का कारण बन सकता है।