Jamshedpur: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को बिष्टुपुर स्थित सर्किट हाउस एरिया में उपायुक्त राजीव रंजन ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम में एसडीएम अरनव मिश्रा समेत कई प्रशासनिक अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। इस अवसर पर उपायुक्त राजीव रंजन ने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस लोगों को प्रकृति और पर्यावरण के प्रति जागरूक करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि पेड़-पौधों का संरक्षण बेहद आवश्यक है, क्योंकि इन्हीं से जलवायु संतुलन, भूमि संरक्षण और मानव जीवन सुरक्षित रहता है।
वृक्षारोपण योजनाओं को प्रभावी बनाने पर जोर
उपायुक्त ने बताया कि वन विभाग और मनरेगा के माध्यम से जिले में वृक्षारोपण से जुड़ी कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। प्रशासन का प्रयास है कि इन योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू किया जाए और अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ा जाए, ताकि हरियाली बढ़े और पर्यावरण सुरक्षित रहे।
नदियों को स्वच्छ रखने के लिए हो रहे प्रयास
शहर की प्रमुख नदियों के संरक्षण को लेकर उपायुक्त ने कहा कि प्रशासन लगातार प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट के माध्यम से यह सुनिश्चित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है कि शहर का गंदा पानी बिना उपचार के नदियों में न जाए। इसके लिए विभिन्न स्तरों पर योजनाएं चलाई जा रही हैं ताकि जल स्रोतों को प्रदूषण से बचाया जा सके।
लोगों से की पर्यावरण बचाने की अपील
उपायुक्त ने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार या प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है। यदि हम आज पर्यावरण की रक्षा करेंगे, तभी आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिल सकेगा।